देवास। दीपावली के त्योहार से पहले शहर में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री को लेकर नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने चंद्रतारा कॉलोनी के रिहायशी इलाके में स्थित एक मकान से पटाखों का जखीरा जब्त किया है।
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी आलोक सोनी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में पटाखों की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की जांच के दौरान वहां रखे पटाखे जब्त किए।
बताया जा रहा है कि मकान रजत अग्रवाल के नाम पर है और पटाखों का भंडारण भी उसी के द्वारा किया गया था।
कार्रवाई के दौरान उस समय मामला चर्चा में आ गया, जब संबंधित व्यक्ति ने कथित तौर पर देवास के बड़े नेताओं के नाम लेकर पुलिस और मौके पर मौजूद पत्रकारों पर रौब झाड़ने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने किसी भी कथित दबाव में आए बिना अपनी कार्रवाई जारी रखी।
फिलहाल पुलिस ने पटाखे जब्त कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। अब यह भी जांच का विषय है कि रिहायशी इलाके में पटाखों का इतना बड़ा भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इनके भंडारण एवं बिक्री के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnewsupdate