ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग से बढ़ी किसानों की परेशानी, एक माह से बंद पड़े सिंचाई पंप
बरोठा। ग्राम पटाड़ी के भगवानपुरा में बिजली की कम वोल्टेज समस्या से किसान परेशान हैं। ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने के बाद करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित खेतों तक पर्याप्त वोल्टेज नहीं पहुंच रहा है। हालात यह हैं कि पिछले एक महीने से किसानों के सिंचाई मोटर पंप बंद पड़े हैं और फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
किसान मुकेश चौधरी के अनुसार, पुराना ट्रांसफार्मर खराब होने पर किसानों ने कई बार बिजली विभाग को सूचना दी थी। विभाग के कहने पर किसानों ने संबंधित ठेकेदार को पांच-पांच हजार रुपये भी दिए थे। उन्हें 200 हॉर्सपावर का नया ट्रांसफार्मर लगने और पर्याप्त वोल्टेज मिलने का भरोसा दिलाया गया था। लेकिन ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट करने से समस्या और बढ़ गई। कई किसान जनरेटर से सिंचाई करने को मजबूर हैं, जबकि पानी नहीं मिलने से कुछ किसानों की फसलें खराब होने की स्थिति में हैं।
समस्या के निराकरण की मांग को लेकर बुधवार को भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने बिजली वितरण केंद्र बरोठा पर शांतिपूर्ण धरना दिया। किसानों ने अतिरिक्त 100 हॉर्सपावर का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग करते हुए कनिष्ठ सहायक यंत्री नरेंद्र बेले को ज्ञापन सौंपा।
दो ट्रांसफार्मर लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत
किसानों की समस्या पर कनिष्ठ सहायक यंत्री नरेंद्र बेले ने बताया कि पुराने स्थान पर ट्रांसफार्मर तक पहुंचने का रास्ता नहीं था। वह एक किसान के खेत में लगा था, जिससे खराब होने पर उसे निकालने और लगाने में फसल खराब होती थी। इसी कारण ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। अब वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए 200 हॉर्सपावर के ट्रांसफार्मर के स्थान पर 100-100 हॉर्सपावर के दो ट्रांसफार्मर अलग-अलग स्थानों पर लगाने का एस्टीमेट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया था, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है।
आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान भारतीय किसान संघ के संभागीय सह मंत्री बहादुर सिंह राजपूत, तहसील मंत्री ब्रजेश नागर सहित भगवानपुरा के कई किसान मौजूद रहे।
Dewas Nagar, Dewas | Nov 5, 2026