देवास में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 प्रतिष्ठानों से लिए 16 सैंपल; मिठाई बनाने वाली फर्म सील
चारभुजा ट्रेडर्स में गंदगी के बीच हो रहा था मिठाइयों का निर्माण, वैध खाद्य पंजीयन भी नहीं मिला; निर्माण कार्य रुकवाकर प्रतिष्ठान किया बंद
देवास। दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने देवास और सोनकच्छ में मिठाई व खाद्य सामग्री बनाने और बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। दो दिनों की कार्रवाई में 6 प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के 16 नमूने लिए गए। वहीं देवास में एक मिठाई निर्माण प्रतिष्ठान पर गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद उसे तत्काल सील कर दिया गया।
कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर 2 और 3 नवंबर को हुई इस कार्रवाई में लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
गंदगी में बन रही थीं मिठाइयां, पंजीयन भी नहीं मिला
देवास शहर के लाला लाजपत राय मार्ग स्थित श्री चारभुजा ट्रेडर्स के निरीक्षण में टीम को गंभीर अनियमितताएं मिलीं। प्रतिष्ठान पर मिठाई निर्माण के लिए वैध खाद्य पंजीयन उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा खाद्य पदार्थों का निर्माण और संग्रहण अत्यंत अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में किया जा रहा था।
टीम ने यहां से मावा, बेसन चक्की और शक्कर बूरा के नमूने लिए। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मिठाई निर्माण कार्य बंद करवाया और प्रतिष्ठान को सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार सूचना जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित की गई है।
देवास में इन प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
3 नवंबर को देवास में उज्जैन रोड स्थित आर.के. होटल से मावा, मेंढ़की चक स्थित सतीश जोधपुर स्वीट्स से मावा पेड़ा और बटर टोस्ट तथा श्री बाबूलाल देवासी जोधपुर मिठाईवाला से मावा और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए।
इसके अलावा श्री चारभुजा ट्रेडर्स से तीन खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
सोनकच्छ में भी हुई जांच
2 नवंबर को सोनकच्छ में डाक बंगला रोड स्थित राजस्थानी स्वीट्स एंड नमकीन से मावा, पेड़ा, नमकीन सेव और नमकीन मिक्सचर के नमूने लिए गए। वहीं राधे राजस्थान मिष्ठान भंडार से मावा, मलाई बर्फी, तीखा नमकीन और नमकीन सेव के नमूने लिए गए।
रिपोर्ट के बाद सामने आएगी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता
सभी 16 नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। कार्रवाई में तहसीलदार हरिओम ठाकुर सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी निर्मला सोमकुंवर, सुरेंद्र ठाकुर, हिमाली सोनपाटकी और कैलाश वास्केल शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।