केन्द्रीय मंत्री के भ्रमण हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हो-कलेक्टर
समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित
---
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जिले के तीन दिवसीय भ्रमण हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हो यह सुनिश्चित किया जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने निर्देश दिये कि केन्द्रीय मंत्री के 16,17 एवं 18 अक्टूबर को जिले के भ्रमण के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यकमों एवं बैठकों की समुचित व्यवस्थाओं हेतु संबंधित अधिकारियों की डयूटी लगाई जाए।भ्रमण के दौरान 16 अक्टूबर को केन्द्रीय मंत्री द्वारा करीला माता मंदिर में दर्शन तथा आदिवासी सम्मेलन,मुंगावली में दिशा बैठक एवं प्रेस कांफ्रेस,सेहराई में हितग्राहीयों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा। 17 अक्टूबर को चंदेरी किला कोठी पर जनसंपर्क,निर्माणधीन अस्पताल का निरीक्षण,ग्राम चौपाल में भाग लेगें। साथ ही अशोकनगर में पोस्ट आफिस का उद्घाटन,विकास कार्यो का उद्घाटन एवं शिलान्यास एवं युवा संगम कार्यक्रम में भाग लेगें। इसी प्रकार 18 अक्टूबर को जनसंपर्क कार्यालय में जनसंपर्क करेंगें, शासकीय विधि महाविद्यालय के समीप निर्मित होने वाले नवीन कॉल सेंटर भवन का भूमिपूजन करेगें। साथ ही कौशल विकास सम्मेलन का आयोजन तथा आपदा राहत युवा मित्र कार्यक्रम में भाग लेगें। तत्पश्चात नगर सौदर्यीकरण के कार्यो का भूमि पूजन करेगें।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री की जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति,समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए जिले की सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने लोकसेवा अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में निराकरण की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिये।
बैठक में स्वामित्व योजना का जिले में क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए ई केवाईसी, रजिस्ट्री इनीशिएशन तथा रजिस्ट्री सत्यापन के संबंध में विस्तार से समीक्षा की ।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की कलेक्टर द्वारा समीक्षा की गई। उन्होंने अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गतिविधियों के फोटो, वीडियो एवं सफलता की कहानियां पोर्टल पर अपलोड कराई जाए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी शिविर में हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों का चिन्हांकन कर अधिक से अधिक लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। शिविर दिवस पर अधिकारियों द्वारा शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण कर निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए ।
बैठक में उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर में प्रचलित सिविल सूठ के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों के प्रभारी अधिकारियों को प्रकरणो में समय पर जबाव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश कुमार जैन,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,श्रीमती सोनम जैन,श्री विकास कुमार आनंद सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
#ashoknagar