म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा ग्राम चैनपुरा में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन
कार्यपालक निदेशक ने किया संबोधित, पर्यावरण एवं जल संरक्षण का दिया संदेश
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 500 पौधों का किया गया रोपण
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड मेघनगर की ग्राम पंचायत चैनपुरा में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। यात्रा के माध्यम से पर्यावरण एवं जल संरक्षण के साथ सामाजिक समरसता और जनसहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने सहभागिता कर ग्रामीणों एवं मातृशक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
हरियाली कलश यात्रा बाबा देव मंदिर से प्रारंभ होकर भारत माता मंदिर तक पहुंची। अतिथियों द्वारा कलश पूजन कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। ढोल-नगाड़ों, बांसुरी, पारंपरिक नृत्य एवं गीत-संगीत के बीच महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भारत माता मंदिर पहुंचने पर अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद भोपाल के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने कहा कि परिषद द्वारा 12 अगस्त हरियाली अमावस्या से संपूर्ण प्रदेश में हरियाली यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण संदेश दिया जा रहा है। वर्तमान में पर्यावरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। उन्होंने समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और समाज जागरण के प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी श्री फूलसिंह भाबर ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा ग्राम चैनपुरा को होमस्टे ग्राम घोषित किए जाने की जानकारी दी। संभाग समन्वयक श्री अमित शाह ने पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। संत श्री राजनाथ योगी ने यात्रा में शामिल सहभागियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम में डॉ. बकुल लाड़, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी श्री फूलसिंह भाबर, संभाग समन्वयक श्री अमित शाह, संत श्री राजनाथ योगी, श्रीमती सुशीला भावर, श्री पारू, श्री रूप सिंह, श्री लालचंद सहित वरिष्ठ समाजसेवी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत जिला समन्वयक श्री प्रेमसिंह चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री संजय भाभर तथा आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक डॉ. रीना मिश्रा ने किया।
हरियाली यात्रा में ग्रामीणों एवं मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विकासखंड समन्वयक श्री तोलिया डामोर, श्री तेज सिंह देव, वर्षा डोडिया, प्रवीण पवार सहित परामर्शदाता मनीष बारिया, जया बारिया, आनंद देवल, नर्वेश बारिया, दीपिका मंडलोई, श्री भीम सिंह पाल, सेक्टर प्रभारी तथा सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने यात्रा के आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के पश्चात ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत 500 पौधों का रोपण किया गया तथा उपस्थितजनों को पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद #Jhabua #JansamparkMP