उल्लास एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत हाथीपावा पहाड़ी पर रोपे गए 1000 पौधे
न्यायिक परिवार ने दिया पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में “उल्लास एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 16 अगस्त-2026 को हाथीपावा पहाड़ी, झाबुआ पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण, न्यायालयीन कर्मचारीगण ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए झाबुआ जिले की जलवायु एवं स्थानीय वातावरण के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के लगभग 1000 पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। एक पौधा लगाना केवल आज के लिए किया गया कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, स्वस्थ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव रखना है। पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हाथीपावा पहाड़ी झाबुआ की प्राकृतिक पहचान और पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां लगाए गए पौधे भविष्य में इस क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनाने का संकल्प ले और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए।
उल्लास एक अभिनव प्रयोग के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विधिक जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल है। कार्यक्रम में न्यायिक परिवार की सामूहिक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि समाज के प्रति जिम्मेदारी केवल न्यायालयीन दायित्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति एवं पर्यावरण का संरक्षण भी हम सभी का कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
उक्त कार्यक्रम में प्रथम जिला न्यायाधीश श्री प्रकाश केरकेट्टा, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री राकेश कुमार पाटीदार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री नितिन कुमार मुजाल्दा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सरोज बाला मुजाल्दा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री शिव कुमार डावर, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री श्रद्धा पटेल, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक, वन विभाग झाबुआ के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण, अभिभाषक संघ झाबुआ के अध्यक्ष श्री हेमेन्द्र प्रसाद अग्निहोत्री, सचिव श्री प्रतीक मेहता व अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP