फाइनल की जंग में पटना और मगध आमने-सामने, खिताब से एक कदम दूर दोनों टीमें
* अंडर-14 अंतर प्रमंडलीय क्रिकेट के सेमीफाइनल में कड़ा मुकाबला, पटना ने तिरहुत और मगध ने सारण को दी शिकस्त
समस्तीपुर : राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में अब चैंपियन बनने की जंग दो टीमों के बीच सिमट गई है। शुक्रवार को पटेल मैदान में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पटना और मगध प्रमंडल ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों मैचों में जीत का अंतर बेहद कम रहा। पटना ने तिरहुत को चार रनों से मात दी, जबकि मगध ने सारण पर सात रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। रविवार को होने वाले फाइनल में दोनों टीमें खिताब के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकेंगी।
पहले सेमीफाइनल में पटना और तिरहुत प्रमंडल के बीच मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट पर 112 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष ने 37, रोचक ने 32 और यश ने 28 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। तिरहुत की ओर से आयुष, सचिन और बिलाल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
113 रनों के लक्ष्य के सामने तिरहुत की टीम ने भी जोरदार चुनौती पेश की। बिलाल ने 36 और शक्ति सिंह ने 13 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन पूरी टीम निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 108 रन ही बना सकी। पटना के गेंदबाज अवनीश आनंद और आयुष कुमार ने तीन-तीन विकेट लेकर जीत की राह आसान की, जबकि पार्थ ने एक विकेट हासिल किया। इस करीबी जीत के साथ पटना ने फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली।
दूसरे सेमीफाइनल में मगध और सारण प्रमंडल के बीच मुकाबला खेला गया। सारण ने टॉस जीतकर मगध को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मगध की टीम ने ऋतुराज के 35, हिमांशु के 24 और अंकुर के 11 रनों की बदौलत 15 ओवर में 98 रन बनाए। सारण की ओर से युवराज ने दो विकेट चटकाए, जबकि सत्यम और नमन को एक-एक सफलता मिली।
जवाबी पारी में उतरी सारण की टीम के सामने 99 रनों का लक्ष्य था। पी. कुमार ने 29, विजय कुमार ने 13 और युवराज कुमार ने 11 रन बनाए, लेकिन मगध के गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के कारण टीम 15 ओवर में आठ विकेट पर 91 रन तक ही पहुंच सकी। मगध की ओर से प्रकाश ने दो विकेट लिए, जबकि रोहन राजपूत, अंतरिक्ष और आयुष ने एक-एक विकेट हासिल किया। सात रनों की जीत के साथ मगध ने भी फाइनल में अपनी जगह बना ली।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा, बक्सर के राजीव कमल मिश्रा, बेगूसराय के शहीद अख्तर, खगड़िया के मनोहर कुमार, पूर्णिया के राघव ठाकुर तथा पटना के संजय कुमार सिंह, धनंजय कुमार और अविनाश शुक्ला ने अंपायर की भूमिका निभाई।
जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को सुबह नौ बजे से शहर के पटेल मैदान में पटना प्रमंडल और मगध प्रमंडल के बीच खेला जाएगा। फाइनल मैच के समापन के बाद पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।