आज दिनांक 28.09.2026 को जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में विभिन्न जिला स्तरीय समितियों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता समिति, जिला गंगा समिति, ग्रामीण विकास कार्यक्रम समन्वय समिति, VB-G RAM G, जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति, सोलर स्ट्रीट लाइट जिला स्तरीय समन्वय समिति, पंचायत सरकार भवनों के भूमि चयन एवं भवन निर्माण, विशेष केंद्रीय सहायता योजना जिला स्तरीय समिति तथा आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (नीति आयोग) की समीक्षा की गई। साथ ही जिला स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पंचायत सरकार भवनों के भूमि चयन एवं निर्माण की समीक्षा के क्रम में कार्यकारी एजेंसीवार विवरण, भवन निर्माण हेतु शेष बचे ग्राम पंचायतों की सूची तथा विवादित भूमि से संबंधित अध्ययन प्रतिवेदन की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को भूमि संबंधी मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 100 प्रतिशत भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जिला पदाधिकारी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण की स्थिति की भी समीक्षा की तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, नई जलापूर्ति योजनाओं तथा क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में सभी आयु वर्ग के लोगों का आधार कवरेज सुनिश्चित करने, बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट, आधार लिंक, पंजीकरण एवं मोबाइल नंबर अपडेट की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं में आधार के उपयोग, धोखाधड़ी की निगरानी तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने, नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने तथा कार्यों की प्रगति से संबंधित रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा श्री दिवाकर कुमार, निदेशक drda श्री नीरज कुमार, एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे