जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न समितियों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित।
समाहरणालय, लखीसराय में आज दिनांक 26.09.2026 को जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न समितियों एवं योजनाओं से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद से संबंधित समितियों, अनुकंपा (नगर निकाय), अंतर-विभागीय समीक्षा, आंतरिक संसाधन एवं होल्डिंग टैक्स, मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना, जिला संचालन समिति, ग्रामीण पथ निर्माण कार्य (RWD), पथ निर्माण विभाग (RCD) तथा विद्युत आपूर्ति एवं शक्ति उप-केंद्र अधिष्ठापन से संबंधित कार्यों की क्रमवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से योजनाओं एवं कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। नगर निकाय से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
आंतरिक संसाधन एवं होल्डिंग टैक्स की समीक्षा के क्रम में राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
ग्रामीण पथ निर्माण (RWD) एवं पथ निर्माण विभाग (RCD) से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन एवं लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को स्थल निरीक्षण करते हुए कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
विद्युत आपूर्ति एवं शक्ति उप-केंद्रों के अधिष्ठापन से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त लखीसराय श्री सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी लखीसराय श्री मुकुल पंकज मणि, निदेशक DRDA लखीसराय श्री नीरज कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, बड़हिया, श्री आशुतोष आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, लखीसराय, श्री प्रभात रंजन,कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, सूर्यगढ़ा, श्री राकेश कुमार सोहिल, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, श्री संजीव कुमार सिन्हा एवं अन्य उपस्थित थे।