गया में TEJAS कार्यक्रम में 800 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी
विद्यार्थियों को केंद्र एवं बिहार सरकार की उद्यमिता योजनाओं के साथ बैंकिंग सहायता की दी गई जानकारी, स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर
गया, 7 सितंबर।
गया के हरिदास सेमिनरी ऑडिटोरियम में सोमवार को Startup India, DPIIT की पहल TEJAS (Transforming Entrepreneurship through Joint Action & Support) के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 800 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लिया। गया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गया पॉलिटेक्निक, ITI गया, BCMT सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न कॉलेजों के प्रोफेसर एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला स्टार्टअप कोऑर्डिनेटर श्री सुशांत कुमार के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए TEJAS के उद्देश्यों तथा युवाओं को स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से जोड़ने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. नेहा राज सिंह, निदेशक, BCMT, श्री लवकुश गुप्ता, श्री कैलाश कुमार, एलडीएम, श्री हर्षवर्धन लाल, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (DIC) तथा श्रीमती ममता बिश्नोई, निदेशक, सर्वोदय फाउंडेशन फॉर एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर डॉ. नेहा राज सिंह ने Entrepreneurship विषय पर PowerPoint Presentation के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता की अवधारणा, संभावनाओं तथा सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक दृष्टिकोण और कौशल की जानकारी दी।
वहीं DPIIT के प्रतिनिधि श्री अंशुल कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुति दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एलडीएम श्री कैलाश कुमार ने बैंकिंग से जुड़ी सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं को उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, ऋण आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी बैंकिंग सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के लिए उपलब्ध वित्तीय विकल्पों का लाभ उठाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया।
इसके बाद जिला उद्योग केंद्र (DIC) के महाप्रबंधक श्री हर्षवर्धन लाल ने बिहार सरकार एवं केंद्र सरकार की उद्यमिता से संबंधित विभिन्न योजनाओं और युवाओं के लिए उपलब्ध सहायता एवं अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन भी किया।
कार्यक्रम में किलकारी के बच्चों द्वारा लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। वहीं सर्वोदय फाउंडेशन के विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता का वातावरण बनाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को Startup India, DPIIT, केंद्र एवं बिहार सरकार की उद्यमिता योजनाओं, बैंकिंग सहायता, स्टार्टअप सहायता, फंडिंग, मेंटरशिप एवं अन्य उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने युवाओं को अपने विचारों एवं नवाचारों को उद्यम में परिवर्तित करने और रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में प्रोफेसर, शिक्षक एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन ने गया के युवाओं के बीच स्टार्टअप, नवाचार, उद्यमिता एवं बैंकिंग सहायता को लेकर जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
800 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ आयोजित TEJAS का यह जिला स्तरीय कार्यक्रम गया में युवा उद्यमिता, नवाचार और बैंकिंग सहायता के माध्यम से स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।