कोचस के आशीर्वाद लॉज में पुलिस की छापेमारी, आधा दर्जन युवक-युवतियां हिरासत में
रोहतास जिले के कोचस नगर पंचायत के स्थानीय बाजार स्थित आशीर्वाद इंटरनेशनल मैरिज हॉल सह लॉज में गुरुवार को पुलिस ने देह व्यापार की सूचना पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब आधा दर्जन युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से आसपास के होटल और लॉज संचालकों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, लॉज में देह व्यापार संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ-2 संजीव कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अचानक लॉज में पहुंचकर विभिन्न कमरों की करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान कुछ युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने पर हिरासत में लिया गया।
पुलिस सभी को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर छापेमारी की गई है। मामले की जांच जारी है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।