कोचस में मैरेज हॉल पर पुलिस की छापेमारी, संचालक समेत 9 युवक-युवतियां हिरासत
में
रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र में बस पड़ाव के सामने ओवरब्रिज के नीचे स्थित होटल आशीर्वाद मैरेज हॉल में गुरुवार दोपहर पुलिस ने छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया। गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ-2 संजीव कुमार के नेतृत्व में करीब दो घंटे तक कार्रवाई चली।
पुलिस ने मैरेज हॉल के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली और संचालक समेत नौ युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, इनमें कई शादीशुदा लोग भी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की है।
कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार, परसथुआं थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल के साथ महिला पुलिसकर्मी और जवान शामिल रहे। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि करीब 15 दिन पहले घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर एक रेस्टोरेंट में भी पुलिस ने छापेमारी की थी। हालांकि उस समय संचालक समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गए थे।