संत रविदास जयंती पर करूप में विकास शिविर आयोजित
रोहतास जिले सासाराम प्रखंड की पंचायत करूप स्थित पंचायत सरकार भवन में श्री गुरु संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर विकास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, रोहतास ने श्री गुरु संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में अपर समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक दिव्यांगजन, विशेष कार्य पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सासाराम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सासाराम सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने शिविर के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए 22 योजनाओं से लाभार्थियों को आच्छादित करने का निर्देश दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लोगों की समस्याओं की जानकारी ली गई और पात्र लाभार्थियों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ा गया।
विकास शिविर में लाभार्थियों के बीच जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित विभिन्न आवश्यक दस्तावेज एवं योजनाओं से संबंधित लाभ का वितरण किया गया। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की।