भरतपुर विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क मार्गाधिकार से हटवाए अतिक्रमण
रिपेयरिंग वाहनों के कारण सड़क पर लग रहा था जाम, दुकानदारों और वाहन चालकों को दी गई चेतावनी
भरतपुर, 19 नवंबर। भरतपुर विकास प्राधिकरण द्वारा योजना ट्रांसपोर्ट नगर फेज-1 में सड़क मार्गाधिकार पर लंबे समय से अनाधिकृत एवं संदेहास्पद रूप से खड़े वाहनों एवं रिपेयरिंग कार्य के बहाने खड़े किए जा रहे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण के संज्ञान में आया था कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में सड़क मार्गाधिकार पर कई वाहन लंबे समय से अनाधिकृत रूप से खड़े हुए हैं। इसके अलावा रिपेयरिंग यार्ड के बाहर वाहनों की मरम्मत कार्य किया जा रहा था। इसके चलते स्थानीय व्यापारियों एवं आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए भरतपुर विकास प्राधिकरण के प्रभारी अधिकारी अतिक्रमण, अधिशासी अभियंता भविया, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सड़क मार्गाधिकार पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटवाया तथा संबंधित क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क मार्गाधिकार पर अपने वाहन अनाधिकृत रूप से खड़े नहीं करें और रिपेयरिंग यार्ड के बाहर मरम्मत सहित अन्य कार्य नहीं करें। साथ ही अनाधिकृत रूप से संचालित दुकानों को भी सड़क मार्गाधिकार से दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण ने संबंधित दुकानदारों एवं वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में सड़क मार्गाधिकार पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े पाए जाने अथवा रिपेयरिंग यार्ड के बाहर वाहनों की मरम्मत किए जाने पर संबंधित वाहन मालिक एवं दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना तथा आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है।
Weir, Bharatpur | Nov 19, 2026