उत्कृष्ट प्रदर्शन में उच्चैन ब्लॉक जिले में प्रथम, राजस्थान की टॉप-20 रैंकिंग में बनाई जगह
88 अंक हासिल कर जिला स्तर पर पाया पहला स्थान, प्रदेश में 20वीं रैंक
भरतपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते उच्चैन ब्लॉक ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नवंबर 2026 की शैक्षिक रैंकिंग में उच्चैन ब्लॉक ने भरतपुर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, वहीं राजस्थान स्तर पर 20वीं रैंक हासिल कर प्रदेश के टॉप-20 ब्लॉकों में अपनी जगह बनाई है।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उच्चैन रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि रैंकिंग के लिए निर्धारित 100 अंकों के विभिन्न मानकों में उच्चैन ब्लॉक ने कुल 88 अंक प्राप्त किए हैं। इसमें हाजिरी एवं उपस्थिति के 25 अंकों में से 20, सीबीए (कम्पिटेंसी बेस्ड असेसमेंट) में 15 में से 13, शिक्षक एप गतिविधियों में 10 में से 7 तथा शाला संबलन में निर्धारित 20 में से पूरे 20 अंक प्राप्त किए।
इसी प्रकार ओआरएफ (ओरल रीडिंग फ्लुएंसी) में 10 में से 10, ब्लॉक रिव्यू मीटिंग में 10 में से 10 तथा पानी एवं शौचालय की उपलब्धता के मानक में 10 में से 8 अंक हासिल किए।
सीबीईओ रमेश चंद्र शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय ब्लॉक के सभी संस्था प्रधानों, शिक्षकों एवं कार्यालय कार्मिकों के सामूहिक प्रयासों को देते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, पठन कौशल विकसित करने और विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि भविष्य में और अधिक मेहनत एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगी।
इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर एसीबीईओ प्रवीण मदेरणा, संदर्भ व्यक्ति सतेन्द्र गोदारा, तरुण जैन, कमल चंद, सत्यवीर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर महेंद्र पाल सिंह, अकाउंटेंट डालचंद धाकड़, वरुण शर्मा, अमित सिंह सहित अन्य कार्मिकों ने हर्ष व्यक्त किया।
Weir, Bharatpur | Nov 18, 2026