सर्वपितृ अमावस्या पर नेमावर घाट में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, घाटों पर भीड़ और यातायात व्यवस्था पर रहेगा फोकस
देवास। सर्वपितृ अमावस्या पर नेमावर के घाटों पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए देवास पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पर्व के दौरान 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे, जबकि 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से घाटों, प्रमुख रास्तों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी ने नेमावर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित स्थानों पर मुस्तैद रहने, भीड़ नियंत्रित करने और यातायात सुचारु रखने के लिए कहा गया है।
सीसीटीवी कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से घाटों पर व्यवस्था बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना नजदीकी पुलिसकर्मी अथवा डायल-112 पर देने की अपील की है।