एसडीएम कार्यालय निर्माण में देरी पर ठेकेदार को 5% पेनाल्टी के निर्देश
उदयनगर में निर्माण कार्य की धीमी गति पर कलेक्टर नाराज, जनवरी तक प्रगति नहीं सुधरी तो कटेगी राशि; स्कूल में बच्चों का शैक्षणिक स्तर भी परखा
देवास। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत बागली तहसील के उदयनगर पहुंचे कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने निर्माणाधीन एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। काम की धीमी गति और समय-सीमा को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने ठेकेदार पर 5 प्रतिशत पेनाल्टी लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनवरी तक काम में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो राशि काटी जाए। निर्धारित समय में निर्माण पूरा नहीं होने पर अतिरिक्त 5 प्रतिशत पेनाल्टी भी लगाई जाएगी।
कलेक्टर ने निर्माण की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर क्वालिटी टेस्टिंग रिपोर्ट भी देखी। अधिकारियों के अनुसार, अब तक किए गए परीक्षणों में निर्माण सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई है।
स्कूल में बच्चों से किया संवाद
कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय भीखूपुरा का निरीक्षण कर कक्षा सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों से संस्कृत व अंग्रेजी का पाठ कराया। उनके शैक्षणिक स्तर को परखते हुए कठिन शब्दों के अर्थ और उच्चारण भी समझाए। उन्होंने शिक्षकों को रोचक शिक्षण विधियां और नए प्रयोग अपनाकर बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्नत खेती का भी लिया जायजा
इसके बाद बागली विधायक मुरली भंवरा और कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की मदद से आधुनिक तकनीक से खेती कर रहे एक प्रगतिशील किसान के खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्रिप सिंचाई, फसल प्रबंधन और उन्नत कृषि पद्धतियों का जायजा लिया।