स्कूली वाहनों की जांच में कई अनफिट मिले, एक सीज
जालौन। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार शाम ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत विशेष अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच की। उप परिवहन आयुक्त झांसी परिक्षेत्र संजय सिंह के नेतृत्व में झांसी और जालौन के परिवहन अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ऐट स्थित मां शारदा इंटरनेशनल स्कूल की विलाया शाखा में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई स्कूली वाहन फिटनेस और सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं मिले। एक वाहन को सीज किया गया, जबकि अन्य अनफिट वाहनों को फिटनेस सेंटर और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए भेजा गया। कुछ वाहनों को अलग-अलग थानों में भी निरुद्ध कराया गया।
कार्रवाई के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश कुमार वर्मा, आरटीओ राजेश कुमार और पीटीओ आनंद राय कुरील समेत अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस और निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों के संचालन में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जांच के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
अभियान के बाद अधिकारियों ने उरई स्थित एआरटीओ कार्यालय में समीक्षा बैठक कर स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति पर चर्चा की।