कुढ़नी में विकास योजनाओं का DM ने लिया जायजा, 10 दिन में पूरा होगा तुर्की पावर सब स्टेशन का काम
रजला पोखर, पार्क, ग्रामीण हाट और विद्यालयों का किया निरीक्षण; 5896 योजनाओं पर चल रहा काम, अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश
मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को कुढ़नी प्रखंड में विभिन्न विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन तुर्की पावर सब स्टेशन, रजला पोखर के सौंदर्यीकरण, पार्क विकास, ग्रामीण हाट के जीर्णोद्धार, आंगनबाड़ी केंद्र और विभिन्न विद्यालयों में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण की शुरुआत तुर्की में निर्माणाधीन 2×10 एमवीए क्षमता वाले पावर सब स्टेशन से हुई। डीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। विद्युत अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 10.90 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस सब स्टेशन से चार 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे। इससे तुर्की और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी। डीएम ने शेष कार्यों को अगले 10 दिनों में पूरा कर फिनिशिंग टच देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सब स्टेशन चालू होने से लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या में कमी आएगी। इससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
इसके बाद डीएम ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत रजला पोखर के सौंदर्यीकरण, पार्क विकास, ग्रामीण हाट के जीर्णोद्धार और नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के सौंदर्यीकरण, पार्क में हरियाली, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं, ग्रामीण हाट के बेहतर संचालन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी, ताकि ग्रामीण व्यापार और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिल सके।
डीएम ने मध्य विद्यालय कुढ़नी, राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक प्लस-2 विद्यालय कुढ़नी और राजकीय बुनियादी विद्यालय चंद्रहट्टी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में मरम्मत, अनुरक्षण और विकास कार्यों की समीक्षा की। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कक्षाओं, शौचालय, पेयजल, खेल मैदान सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
जिले में 5896 योजनाओं पर चल रहा काम
डीएम ने बताया कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत जिले में कुल 5896 योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें शिक्षा विभाग की 3140, ग्रामीण विकास विभाग की 1016, पंचायती राज विभाग की 709, स्वास्थ्य विभाग की 519, पीएचईडी की 189, समाज कल्याण विभाग की 146, नगर विकास एवं आवास विभाग की 150, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की 25 तथा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की दो योजनाएं शामिल हैं।
वहीं, कुढ़नी प्रखंड में विभिन्न विभागों की कुल 591 योजनाओं पर काम चल रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों, सामुदायिक भवनों और पंचायत सरकार भवनों का जीर्णोद्धार, रंग-रोगन एवं मरम्मत कराया जा रहा है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार नए भवन, संपर्क पथ और ड्रेनेज जैसी परिसंपत्तियों का निर्माण भी किया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि अभियान के कार्यों की निगरानी के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स गठित है। इसकी प्रतिदिन बैठक कर योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की जाती है। वे स्वयं भी नियमित रूप से योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं और क्षेत्र भ्रमण के दौरान औचक निरीक्षण करते हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को आम जनता से नियमित संवाद स्थापित करने, योजनाओं के संबंध में फीडबैक लेने और लोगों के सुझावों के आधार पर कार्यों में सुधार करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध होकर योजनाओं को समय पर पूरा कराएं।
#Muzaffarpur #Kudhni #DMKumarGaurav #SevaSankalp #MissionKayakalp #BiharNews #DevelopmentWork #TV20Bihar