आज खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बांका में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों एवं खेल से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल ने खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में जीत और हार दोनों से सीखने को मिलता है। हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी का जीवन और उनकी खेल प्रतिभा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर देश को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बांका जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे खेल के साथ-साथ शिक्षा और अपने व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांका और बिहार का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
उनके द्वारा बताया गया कि बांका जिले के लिए यह भी गौरव का विषय है कि “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के तहत जिले के कुल 3 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन सरकारी सेवाओं के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल चयनित खिलाड़ियों और उनके परिवारों के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि बांका जिले के उन सभी युवाओं के लिए भी बड़ी प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिल सकते हैं।
बांका शहर में खेल भवन के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, अभ्यास एवं इंडोर खेलों की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिले में खेल अधोसंरचना को एक नई ऊंचाई देने के लिए अमरपुर में लगभग ₹18 करोड़ की लागत से एक अत्याधुनिक मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है, जिससे खिलाड़ियों को एक ही छत के नीचे अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।
जिले में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। शंभूगंज के कुरमाडीह और फुल्लीडुमर के द० कोझी सहित बांका (पी.बी.एस. कॉलेज व आर.के.एम. इंटर उ०वि०), धोरैया (त्रिभुवन एकेडमी, मोमिन उ०वि०, महिला विशनपुर), रजौन (सहदेव उ०वि० खेरा) तथा अमरपुर (उ०वि० मेढ़ियानाथ) जैसे 8 महत्वपूर्ण स्थलों पर आउटडोर स्टेडियम निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जहाँ हमारे बच्चे फुटबॉल, क्रिकेट और एथलेटिक्स का नियमित अभ्यास कर रहे
जिला पदाधिकारी द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में राम कृष्ण कुमार तथा बालिका वर्ग में आकांक्षा कुमारी को श्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके 12 खिलाड़ियों, जिनमें अमीषा कुमारी, हनी कुमारी, चंदा कुमारी एवं मोनू कुमार सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं, तथा नीलेश कुमार सिंह, रौशन कुमार, रजनी कुमारी सहित 20 प्रशिक्षकों को जिला पदाधिकारी द्वारा “जिला खेल सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीनिवास, अधीक्षक शारीरिक शिक्षा प्रीति कुमारी, अध्यक्ष जिला कबड्डी संघ श्री मान सिंह, उपाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, जिला खेल संयोजक प्रदीप कुमार, शारीरिक शिक्षक चंदन कुमार, विजयंत सिंह, चंदन कुमार चौधरी, हरीश गांगुली, अनुभव कुमार, मोनू रंजन, गौरव कुमार, रजनीश कुमार, सावन कुमार, प्रीतू कुमार, आशीष कुमार सहित विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
1 views | Banka, Bihar | Aug 29, 2026