बरसाती कीड़े के काटने से छात्र की तबीयत बिगड़ी!- रातों-रात विद्यालय पहुंचे लगभग 25 पलंग
जालौन। गुरु का इटौरा स्थित श्रीकृष्ण संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्र की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। डीएम राजेश कुमार पांडेय के निर्देश पर शुक्रवार रात ही विद्यालय में लगभग 25 पलंग पहुंचा दिए गए। अब बारिश के मौसम में विद्यार्थियों को जमीन पर नहीं सुलाया जाएगा। सभी छात्रों के लिए अभी और प्लाई के पलंग की व्यवस्था भी की जा रही है।
दरअसल, रात में विद्यालय के एक छात्र को बरसाती कीड़े ने काट लिया था। इसके बाद उसके गले में तेज दर्द होने लगा और हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलते ही डीएम राजेश कुमार पांडेय और एसपी विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। छात्र को तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने विषैले कीड़े के काटने की आशंका जताई है।
विद्यालय में गुरुकुल परंपरा के तहत विद्यार्थी जमीन पर सोते थे। बारिश के मौसम में जमीन पर बरसाती और विषैले कीड़ों के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने इस व्यवस्था को तत्काल बदलने के निर्देश दिए हैं। विद्यालय में करीब 70 विद्यार्थियों का नामांकन है। प्रशासन का लक्ष्य सभी बच्चों के लिए पलंग उपलब्ध कराना है।
घटना के बाद डीएम ने सीएमओ को विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही निर्देश दिए गए कि किसी भी छात्र में स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।
डीएम राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि बच्चों के रहने और सोने की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बारिश के मौसम में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026