अररिया पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, उद्योग तथा दुग्ध उत्पादन से अधिक से अधिक पशुपालकों को जोड़ने की मुहिम को लेकर सभी बैंकर्स के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने लंबित ऋण आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 69 आवेदकों का ऋण की राशि बैंकों द्वारा डिस्बर्स कर दिया गया, लेकिन अभी तक सोलर पैनल का अधिष्ठापन नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को इन सभी मामलों में अविलंब सोलर पैनल अधिष्ठापन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
वहीं, 49 आवेदकों का ऋण स्वीकृत हो चुका है, लेकिन बैंकों द्वारा अब तक ऋण राशि डिस्बर्स नहीं की गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित शाखा प्रबंधकों एवं कनीय अभियंताओं को आवश्यक त्रुटियों का निराकरण कराते हुए शीघ्र ऋण राशि का डिस्बर्समेंट सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
बैठक में सोलर पैनल अधिष्ठापन कार्य से जुड़ी 5 चयनित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों से स्पष्टीकरण पूछने तथा लंबित अधिष्ठापन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की अगली बैठक से सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद एवं नगर पंचायत तथा जिला प्रबंधक, जीविका अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि जिन शाखाओं में 5 से अधिक आवेदन लंबित हैं, वे लंबित आवेदनों का कारण सहित बैठक में उपस्थित रहेंगे।
सोलर पैनल लगाने पर मिल रही सब्सिडी
बैठक में बताया गया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है। 1 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर ₹40,000, 2 किलोवाट पर ₹80,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम ₹98,000 तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
पशुपालकों को केसीसी ऋण उपलब्ध कराने में तेजी के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक पशुपालकों को इससे जोड़ने के उद्देश्य से पशुपालन केसीसी ऋण की प्रगति की भी समीक्षा की। इस क्रम में विभिन्न बैंकों को भेजे गए 1013 आवेदनों की यथाशीघ्र स्क्रीनिंग कर पात्र किसानों को शीघ्र केसीसी ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश सभी बैंकर्स को दिया गया। इसी प्रकार उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित ऋण आवेदनों के निष्पादन में भी तेजी लाने तथा पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), विद्युत कार्यपालक अभियंता अररिया एवं फारबिसगंज, सभी सहायक अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, उद्योग विभाग के अधिकारी, COMFED के प्लांट इंचार्ज सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Araria, Araria | Sep 5, 2026