अररिया जिला योजना कार्यालय के कार्यों एवं वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के क्रियान्वयन की समीक्षा
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला योजना कार्यालय के कार्यों तथा वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। जिला योजना कार्यालय की समीक्षा के क्रम में कार्यालय द्वारा क्रियान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं, यथा मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, आकांक्षी जिला कार्यक्रम, बिहार महादलित विकास मिशन के अंतर्गत सामुदायिक भवन एवं वर्कशॉप का निर्माण तथा कार्यालय द्वारा संपादित किए जाने वाले अन्य कार्यों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा 17वीं विधानसभा की लंबित योजनाओं को एक माह के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। 18वीं विधानसभा में वित्तीय वर्षवार जिला योजना द्वारा क्रियान्वित की जाने वाली योजनाओं की सूची, प्राक्कलित राशि एवं प्रशासनिक स्वीकृति की तिथि तथा वर्तमान स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश जिला योजना पदाधिकारी को दिया गया। साथ ही 18वीं विधानसभा में प्राप्त माननीय की अनुशंसाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर क्रियान्वित करने का निर्देश दिया गया।
इस संबंध में जिन योजनाओं के लिए भूमि प्रतिवेदन तथा अनापत्ति प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है, उसके संबंध में संबंधित अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को पुनः पत्र भेजने का निर्देश दिया गया। साथ ही, जिला स्तर की बैठकों, जिसमें अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित होते हैं, में इन मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराने का निर्देश दिया गया।
वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के समन्वय के क्रम में जिन योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, उन योजनाओं से संबंधित विभागों के पदाधिकारियों की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुलाने का निर्देश दिया गया।
Araria, Araria | Sep 5, 2026