हरिद्वार में महिलाओं पर लात-घूंसे बरसाने का वीडियो वायरल!!
यूट्यूबर और साथियों पर दो महिलाओं से मारपीट का आरोप, हमले में दोनों के बेहोश होने की बात, पहले भी दी गई थी शिकायत!!
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के पदार्था गांव के बाजार में दो महिलाओं के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक यूट्यूबर और उसके कुछ साथी दो महिलाओं के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने बीच बाजार महिलाओं पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान दोनों महिलाओं के बेहोश होने की बात भी सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि महिलाओं की ओर से संबंधित यूट्यूबर के खिलाफ इससे पहले भी फेरुपुर चौकी में शिकायत दी गई थी। हालांकि, वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है और कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।
वायरल वीडियो में बाजार के बीच कथित तौर पर महिलाओं के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच बचाव करने की कोशिश करते भी नजर आते हैं। वीडियो की सत्यता और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। महिलाओं की ओर से मारपीट के संबंध में अभी कोई शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। वीडियो और शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।