मनीष की मौत पर सवाल, कोतवाली घेरकर निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, मोबाइल और सीसीटीवी जांच की मांग
मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर 13 अगस्त को 22 वर्षीय मनीष की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों और क्षेत्रीय लोगों ने मसूरी कोतवाली का घेराव किया। पुलिस मामले को प्रथमदृष्टया आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतक के भाई मनोज ने आरोप लगाया कि मनीष का एक युवती से विवाद चल रहा था और घटना से एक रात पहले जीरो प्वाइंट क्षेत्र में युवती व कुछ युवकों से उसका विवाद भी हुआ था। परिजनों ने घटनास्थल की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मनीष की लंबाई और जिस वाहन के डाले से फांसी लगाने की बात सामने आई है, उसकी ऊंचाई लगभग समान थी। उन्होंने घटना की वैज्ञानिक व फोरेंसिक जांच की मांग की।
परिजनों ने मनीष के मोबाइल, कॉल डिटेल, आखिरी लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और घटना से पहले हुए विवाद की जांच की मांग की। पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है तथा अंतिम निष्कर्ष जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सामने आएगा।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh #uttarakhand
Mussoorie, Dehradun | Aug 18, 2026