मगध यूनिवर्सिटी में अतिथि शिक्षकों का आर-पार का ऐलान: सेवा विस्तार के लिए आमरण अनशन शुरू, बोले- मांग पूरी होने तक नहीं हटेंगे
राजभवन की मंजूरी के बावजूद 3 महीने से नवीनीकरण लंबित; कुलपति-कुलसचिव के खिलाफ शिक्षकों में आक्रोश, शनिवार से बढ़ेगी अनशनकारियों की संख्या
गया/बोधगया। मगध विश्वविद्यालय में अतिथि सहायक प्राध्यापकों के सेवा विस्तार और नवीनीकरण का मामला गरमा गया है। तीन महीने से विश्वविद्यालय का चक्कर लगाने और लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद मांग पूरी नहीं होने से नाराज शिक्षकों ने शुक्रवार से विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया। बिहार राज्य विश्वविद्यालय अतिथि सहायक प्राध्यापक संघ की मगध विश्वविद्यालय इकाई के बैनर तले शुरू हुए आंदोलन में शिक्षकों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। उनका कहना है कि जब तक सभी अतिथि शिक्षकों का नवीनीकरण कर नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया जाता, तब तक अनशन जारी रहेगा।
अनशनकारियों के अनुसार, वर्ष 2025 में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में अतिथि सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति हुई थी। 11 महीने की सेवा अवधि पूरी होने के बाद नवीनीकरण होना है। इसके लिए राजभवन से कुलाधिपति की स्वीकृति भी मिल चुकी है, बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन तीन महीने से प्रक्रिया लंबित रखे हुए है।
कुलपति से मिलने के बाद भी नहीं निकला समाधान
शिक्षकों ने बताया कि 18 नवंबर को करीब 60 से 70 अतिथि प्राध्यापक कुलपति से मिले थे। उन्हें दिसंबर के पहले सप्ताह तक नवीनीकरण का आश्वासन दिया गया। डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि नवीनीकरण होने तक प्रत्याशा पत्र जारी करने की मांग भी प्रशासन ने ठुकरा दी।
वहीं, डॉ. गणेश प्रसाद ने कहा कि शिक्षकों को कक्षाओं से दूर रखने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि तीन महीने से कई विषयों की कक्षाएं आखिर कौन संचालित कर रहा है?
शुक्रवार को डॉ. गणेश प्रसाद आमरण अनशन पर बैठे। शनिवार से अन्य शिक्षक भी अनशन में शामिल होंगे। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि वे 24 घंटे अनशन स्थल पर डटे रहेंगे। किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी कुलपति की होगी। लिखित आदेश और नवीनीकरण होने के बाद ही आंदोलन समाप्त होगा।
#gayadastak
#गयाजी
#gayaji
#BiharNews
#GayaBihar
#GayaPolice
#bodhgayabihar
#बोधगया
#mubodhagaya
#MagadhUniversity
#protection #ProtectYourPeace