गया शहर के तीन स्थानों से हटाई गई खटाल, नगर निगम की कार्रवाई से खटाल संचालकों में हड़कंप, पुलिस लाइन रोड के सेंट्रल जेल के समीप, सिकरिया मोड़ रोड और सुधा डेयरी के समीप चला अभियान, पशु पकड़े गए, जुर्माना भी वसूला गया
गयाजी। शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने, सड़कों पर आवागमन सुगम करने और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से संचालित खटालों पर रोक लगाने के उद्देश्य से गया नगर निगम ने खटाल हटाओ अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम की टीम शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंची और तीन स्थानों पर संचालित खटालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया। अभियान के दौरान पशुओं को भी पकड़ा गया तथा संबंधित लोगों से जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम की टीम ने पुलिस लाइन रोड के सेंट्रल जेल के समीप, सिकरिया मोड़ रोड स्थित सेंट्रल जेल के पास तथा सुधा डेयरी के समीप कार्रवाई की। इन इलाकों में सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास संचालित खटालों को हटाने की प्रक्रिया अपनाई गई। कार्रवाई के दौरान खटालों से जुड़े पशुओं को भी पकड़कर निगम की टीम अपने साथ ले गई। नगर निगम की इस कार्रवाई से खटाल संचालकों में हड़कंप मचा रहा। टीम ने स्पष्ट किया कि शहर में जहां भी अव्यवस्थित तरीके से खटाल संचालित किए जा रहे हैं और जिनसे सड़क, नाली, साफ-सफाई एवं आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शहर के कई इलाकों में सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर खटाल संचालित होने से गंदगी फैलती है। पशुओं के गोबर और अन्य अपशिष्ट से नालियां जाम होने, दुर्गंध फैलने तथा सड़क पर आवागमन प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इसके अलावा सड़कों पर पशुओं के खुले में घूमने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को देखते हुए नगर निगम ने खटाल हटाने के साथ-साथ आवारा पशुओं की धर-पकड़ भी तेज कर दी है।
इस संबंध में नगर आयुक्त डॉ. गगन ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी खटालों को हटाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा। सभी खटाल संचालकों को पूर्व में नोटिस जारी किया गया है, ताकि वे समय रहते अपने खटालों को हटा लें। उन्होंने खटाल संचालकों से अपील की कि नगर निगम के अभियान को देखते हुए स्वयं अपने खटालों को निर्धारित एवं उचित स्थान पर स्थानांतरित कर लें। निगम की कार्रवाई के दौरान सहयोग करें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर खटाल का संचालन नहीं करें।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में नोटिस के बावजूद खटाल नहीं हटाने वाले संचालकों के विरुद्ध अभियान के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में नगर निगम की टीम खटाल हटाने के साथ-साथ जुर्माना भी वसूलेगी। शहर में अतिक्रमण, गंदगी और अव्यवस्थित पशुपालन को लेकर निगम अब किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।
वहीं, सड़कों पर आवारा घूमने वाले पशुओं को पकड़ने के लिए भी नगर निगम की टीम सक्रिय है। विभिन्न इलाकों में नियमित रूप से धर-पकड़ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यातायात बाधित न हो और शहरवासियों को आवारा पशुओं से होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। नगर निगम का खटाल हटाओ अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।