24 घंटे में चोरी का खुलासा, 11 लाख के जेवरात और नकदी बरामद
शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद
जालौन/कालपी। कालपी कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये, और 18,080 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम छौंक निवासी राजेश कुमार ने 26 अगस्त को कोतवाली कालपी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर से जेवरात और नकदी चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 198/26 के तहत धारा 331(4)/305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आए आरोपी रोहित कुमार पुत्र कैलाश कुमार अहिरवार, निवासी ग्राम छौंक, थाना कालपी, उम्र करीब 24 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
11 लाख के जेवरात बरामद: पुलिस ने आरोपी के पास से सोने का हार, मंगलसूत्र, जंजीर, कान के टॉप्स, चूड़ियां, अंगूठी और हाय सहित अन्य आभूषण बरामद किए। इसके अलावा चांदी के कमरबंद, लच्छे, चूड़ियां, चूड़े, पायल, तोड़ियां और बिछिया भी बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सोने-चांदी के जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये है। कर्ज के चलते चोरी की बात कबूली: पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि काम में घाटा होने और कर्ज बढ़ने के बाद उसने गांव में मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कालपी सहित पुलिस टीम शामिल रही।
Orai, Jalaun | Aug 27, 2026