रक्षाबंधन पर बहनों को निःशुल्क बस यात्रा की सौगात, विधायकों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को किया रवाना
उरई। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों को सुगम और निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को उरई में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के तहत बसों का संचालन शुरू किया गया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा एवं माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उरई से गोहन, ऊमरी, टीहर, रामपुरा और इटावा सहित विभिन्न मार्गों पर जाने वाली बसों को रवाना किया गया। इस पहल से रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवार तक जाने वाली महिलाओं को यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायकों ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सुविधा के लिए लगातार कार्य कर रही है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना इसी दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण प्रयास है। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें अपने परिजनों तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम के दौरान बहनों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और मंगलमय होने की कामना की गई।
विधायकों ने कहा कि बहनों का सम्मान और उनकी सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
Orai, Jalaun | Aug 27, 2026