श्मशान घाट की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रधान के घर के बाहर रखा शव
कोंच। गांव में श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था न होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। कैंसर से 38 वर्षीय अरविंद की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को करीब 10 किलोमीटर दूर दूसरे गांव ले जाना पड़ा। इससे आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को ग्राम प्रधान के घर के बाहर रखकर अपनी नाराजगी जताई।
ग्राम ब्यौना में बुधवार शाम अरविंद की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई। लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के बीच गांव में अंतिम संस्कार के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं था। मजबूरन परिजनों को शव लेकर करीब 10 किलोमीटर दूर खेरवार गांव जाना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थायी श्मशान घाट न होने के कारण प्रत्येक मृत्यु के बाद परिवार को दूसरे गांव का रुख करना पड़ता है। बारिश के मौसम में रास्तों की स्थिति खराब होने से समस्या और बढ़ जाती है। बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य परिजनों को भी अंतिम संस्कार के दौरान काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
इसी समस्या के विरोध में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने गांव में स्थायी श्मशान घाट के लिए भूमि चिन्हित कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने फोन पर कोंच एसडीएम को भी मामले की जानकारी दी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए दूसरे गांव पर निर्भर न रहना पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान गांव की बुनियादी जरूरत है। प्रशासन को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत देनी चाहिए।
Orai, Jalaun | Aug 27, 2026