*निघौरी में जनविश्वास शिविर, ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और समस्याओं के निराकरण की मिली सुविधा*
*विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने किया ग्रामीणों से संवाद, अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदन निराकरण के निर्देश*
*स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिला संपत्ति का अधिकार, डिंडौरी में 204 हितग्राही लाभान्वित*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को विकासखंड अमरपुर की ग्राम पंचायत निघौरी में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने, उनकी समस्याएं सुनने और आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने की पहल की गई। शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ग्रामीणों से संवाद कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार सोलंकी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
*प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों से चर्चा, लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित*
शिविर के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने प्राथमिक शाला जून्हा टोला निघौरी एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। प्राथमिक शाला में उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, उनकी रुचियों और भविष्य की योजनाओं के संबंध में संवाद किया तथा छात्राओं को अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं बेझिझक साझा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन के साथ उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की समझाइश दी। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शैक्षणिक एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
*महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों का किया अवलोकन*
शिविर स्थल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं से उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। इस पहल को ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया। विभिन्न विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में से अधिकांश का मौके पर निराकरण किया गया तथा शेष पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
*गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना शासन की प्राथमिकता : विधायक ओमप्रकाश धुर्वे*
शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियां ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को साकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए गांवों में ही शिविर लगाकर योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव में शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
*शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का निराकरण करना और पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
*मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में प्राप्त हुए 63 आवेदन*
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 63 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 14, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 24, खाद्य विभाग के 1, शिक्षा विभाग के 3, विद्युत विभाग के 6, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 4, मत्स्य विभाग के 2, महिला एवं बाल विकास विभाग का 1, सिंचाई विभाग के 2, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 4, पशुपालन एवं डेयरी विभाग का 1 तथा वन विभाग का 1 आवेदन शामिल है।
*हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किया गया लाभ वितरण*
शिविर में राजस्व विभाग के अंतर्गत 19 कोटवारों को नियुक्ति संबंधी आदेश प्रदान किए गए तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 41 हितग्राहियों को जर्मेक्स दवा वितरित की गई। शिक्षा विभाग के अंतर्गत 4 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 48 हितग्राहियों को चश्मे तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 15 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच के उपरांत 48 हितग्राहियों को दवाओं का वितरण किया गया।
*स्वामित्व योजना से 204 हितग्राही लाभान्वित*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में स्वामित्व योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत अब तक जिले के 204 हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं। इसी क्रम में आज विकासखंड अमरपुर की ग्राम पंचायत निघौरी में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान 10 हितग्राहियों को स्वामित्व योजना अंतर्गत रजिस्ट्री की प्रतियां प्रदान की गईं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वामित्व योजना से संबंधित कार्यवाही के साथ-साथ पटवारियों द्वारा ई-केवाईसी और फार्मर आईडी बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के माध्यम से जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #collectordindori #JansamparkDindori #JanVishwasAbhiyan #SevaSankalp #CollectorDindori #OmprakashDhurve #SwamitvaYojana #GovernmentSchemes #PublicWelfare #RuralDevelopment #WomenEmpowerment #Education #HealthServices #FarmerID #eKYC #GoodGovernance #CitizenServices
Dindori, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026