### बेगूसराय में बाल विवाह के खिलाफ चला जागरूकता अभियान, छात्राओं को किया गया जागरूक
क्विज, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और भाषण प्रतियोगिता के जरिए दिया गया बाल विवाह मुक्त भारत का संदेश
बेगूसराय। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यालयों और महिला समुदाय केंद्रों में छात्राओं एवं आम लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों और बालिका शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन बखरी के +2 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बरौनी के +2 उच्च विद्यालय मिर्जापुर चांद, मटिहानी के महिला समुदाय केंद्र कमरुद्दीनपुर तथा भगवानपुर के मध्य विद्यालय पासोपुर और महिला समुदाय केंद्र रसलपुर में किया गया।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। इसका सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से आगे आने की अपील की।
वहीं, जिला बाल अधिकार सहयोगी एवं नीति आयोग के जिला समन्वयक विजय प्रताप ने बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक राजकुमार सिन्हा, केंद्र प्रशासक वीणा कुमारी, केस वर्कर मणिभूषण मिश्रा एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ संजीत कुमार ने बाल विवाह निषेध से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। लोगों से बाल विवाह नहीं करने, न ही इसमें सहयोग देने और ऐसी घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई।
जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए छात्राओं के बीच क्विज, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, संगीत गायन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों के बीच अल्पाहार और स्वच्छता किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में चाइल्डलाइन एवं वन स्टॉप सेंटर की प्रतिनिधि ब्यूटी कुमारी, काउंसलर स्वीटी कुमारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण, बालिकाओं की शिक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य देने का संदेश दिया गया।