### बेगूसराय में जनता दरबार में पहुंचे 60 फरियादी, डीएम ने सुनीं समस्याएं
भूमि विवाद, अतिक्रमण और रास्ते से जुड़े मामले रहे प्रमुख, अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों के निष्पादन का निर्देश
बेगूसराय। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें डीएम रिची पाण्डेय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, भूमि परिमार्जन, रास्ते से संबंधित विवाद, अतिक्रमण, थाना से जुड़े मामले सहित व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित की शिकायतें शामिल थीं। डीएम ने सभी फरियादियों से बारी-बारी उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करें। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण या जांच की आवश्यकता है, वहां वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने को कहा।
इस दौरान द्वितीय अपील से संबंधित मामलों की भी सुनवाई की गई। संबंधित विभागों एवं अंचलों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति से डीएम को अवगत कराया। डीएम ने समीक्षा के बाद लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीएम रिची पाण्डेय ने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने की हिदायत दी।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जहां आम नागरिक सीधे डीएम के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकते हैं।