जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में दिनांक 4 नवंबर 2026 को बांका जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा पी०एन०जी० (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन के आच्छादन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने पी०एन०जी० कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर प्राप्त करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बांका को निर्देशित किया गया कि एच०पी०सी०एल० के पदाधिकारियों एवं सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर मिशन मोड में कार्य करें तथा दिसंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विशेष प्रयास सुनिश्चित करें। निर्धारित लक्ष्य के अतिरिक्त भी अधिक से अधिक घरों को पी०एन०जी० कनेक्शन से आच्छादित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने अधिक से अधिक संवेदकों को कार्य में नियोजित करने तथा पर्याप्त मानव बल का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रतिदिन लगभग 30 से 40 घरों को पी०एन०जी० कनेक्शन से आच्छादित करने तथा दैनिक प्रगति का नियमित अनुश्रवण करते हुए प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि बांका जिले में पी०एन०जी० कनेक्शन का निर्धारित लक्ष्य 3,200 घरेलू कनेक्शन है, जिसके विरुद्ध अब तक 1,252 घरेलू कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं।
बैठक में वरीय पदाधिकारी, एच०पी०सी०एल०, बांका द्वारा घरेलू पी०एन०जी० कनेक्शन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई विशेष पहल की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा बांका जिले के घरेलू उपभोक्ताओं को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) से जोड़ने हेतु निःशुल्क रजिस्ट्रेशन योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत अब घरेलू पी०एन०जी० कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को कोई रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं देना होगा, जबकि पूर्व में इसके लिए ₹300 + GST अर्थात कुल ₹354 शुल्क देना पड़ता था।
पी०एन०जी० कनेक्शन को अधिक सुविधाजनक एवं किफायती बनाने हेतु उपभोक्ताओं के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट के दो विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। एकमुश्त सिक्योरिटी डिपॉजिट ₹6,000 है, जो पूरी तरह रिफंडेबल है। वहीं, दैनिक किराया विकल्प के तहत मात्र ₹1 प्रतिदिन देना होगा, जो नॉन-रिफंडेबल है। इस विकल्प में एकमुश्त सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
पी०एन०जी० पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक सीधे पहुंचने वाला सुरक्षित, सुविधाजनक एवं निरंतर रसोई ईंधन है। इसके उपयोग से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं भंडारण की आवश्यकता नहीं रहती है।
रजिस्ट्रेशन एवं अधिक जानकारी हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 34 52711 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन https://mypng.gov.in पर किया जा सकता है।
बांका जिले के सभी घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे एच०पी०सी०एल० की इस विशेष योजना का लाभ उठाएं तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ऊर्जा के रूप में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को अपनाएं।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
5 views | Banka, Bihar | Nov 5, 2026