बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-2 के तहत फुल्लीडुमर प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नवनिर्मित सुधा होल डे मिल्क पार्लर का उद्घाटन आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर विमुल, भागलपुर के अध्यक्ष श्री अशोक यादव, प्रबंध निदेशक डॉ. जितेंद्र कुमार तथा बांका डेयरी के विपणन प्रभारी श्री के. झा उपस्थित रहे।
उद्घाटन के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुल्लीडुमर परिसर में सुधा होल डे मिल्क पार्लर की स्थापना से प्रखंड के उपभोक्ताओं को काफी लाभ होगा। इस पार्लर के माध्यम से उपभोक्ताओं को सुधा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की दैनिक आपूर्ति निर्धारित दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे तथा उनकी सुविधा में वृद्धि होगी।
जिला पदाधिकारी ने इस पहल को स्थानीय उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सुधा होल डे मिल्क पार्लर के उद्घाटन के पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुल्लीडुमर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में अवस्थित विभिन्न वार्डों एवं विभागों का भ्रमण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस क्रम में इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर (OT), लेबर रूम, रजिस्ट्रेशन काउंटर, ओपीडी, आईपीडी, भव्या पोर्टल, आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा तथा एएनएम की स्थिति सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था एवं एंबुलेंस की उपलब्धता और स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नेटवर्क की समस्या, अस्पताल की चारदीवारी जैसे विभिन्न मुद्दों से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा उक्त समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अस्पताल में आठ प्रसव हो चुके थे तथा एक प्रसूता प्रसव कक्ष में और एक प्रसूता एनसी वार्ड में प्रतीक्षा कर रही थी। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रसूताओं से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई।
प्रसूताओं से बातचीत के पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
7 views | Banka, Bihar | Nov 5, 2026