आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा सिंचाई प्रमंडल, बांका अंतर्गत बिलासी डैम का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डैम में संग्रहित जल की स्थिति एवं जलाशय की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से इसकी क्षमता एवं जल उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल, बांका द्वारा बताया गया कि योजना के द्वितीय चरण में हनुमाना एवं बदुआ जलाशय से गंगाजल लाने हेतु कार्ययोजना का चयन किया जाना प्रस्तावित है। इस योजना के क्रियान्वयन से जलाशयों में जल की उपलब्धता एवं भंडारण क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे सिंचाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बिलासी जलाशय को उसकी पूर्ण क्षमता तक भरना है, ताकि किसानों को खरीफ एवं रबी फसल की सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा सके।
जिला पदाधिकारी द्वारा बिलासी डैम से निकलने वाली दायीं एवं बायीं मुख्य नहरों के पक्कीकरण हेतु प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया गया, ताकि नहरों के माध्यम से जल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके तथा किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल सके।
बिलासी डैम बांका जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। प्राकृतिक सौंदर्य एवं मनोरम परिवेश से परिपूर्ण यह जलाशय पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। जिला पदाधिकारी द्वारा इसकी पर्यटन संबंधी संभावनाओं पर भी ध्यान देने की आवश्यकता जताई गई। जलाशय में जल की उपलब्धता बढ़ने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त, बिलासी डैम में मत्स्य पालन का कार्य भी किया जा रहा है। स्थानीय मत्स्यजीवी सहकारी समिति के माध्यम से इससे जुड़े लोगों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। जलाशय में मछली उत्पादन तथा स्थानीय बाजारों में इसकी बिक्री से मत्स्यजीवी अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं।
बिलासी डैम में जल की उपलब्धता बढ़ने से सिंचाई, मत्स्य पालन, स्थानीय रोजगार एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से जलाशय के बहुआयामी विकास एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
72 views | Banka, Bihar | Nov 5, 2026