संत शिरोमणि रविदास महाराज की कलश वंदन यात्रा का सेगांव विकासखंड में हुआ भव्य स्वागत
________________
तलकपुरा, गोलवाड़ी, केली और डालकी में श्रद्धालुओं ने किया कलश पूजन-अर्चन, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने की सहभागिता
________________
संत रविदास महाराज के जीवन एवं विचारों से कराया गया परिचित, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उतारी आरती
________________
खरगोन 22 अगस्त 2026। संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की कलश वंदन यात्रा का शनिवार को सेगांव विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया। यात्रा का शुभागमन सबसे पहले तलकपुरा में हुआ, जहां समाजजनों द्वारा संत शिरोमणि रविदास महाराज जी के कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने संत रविदास महाराज जी के जीवन परिचय एवं उनके सामाजिक समरसता के संदेश के बारे में जानकारी प्राप्त की।
तलकपुरा के पश्चात कलश वंदन यात्रा सेगांव पहुंची। यहां सरपंच श्री शांतिलाल चौहान के मार्गदर्शन में समाज के मोहल्ले में रथ यात्रा का स्वागत किया गया। समाज के महिला एवं पुरुषों ने कलश का पूजन कर आरती उतारी। इस दौरान गणमान्य नागरिक श्री शांतिलाल चौहान, श्री हीरालाल पाटीदार, श्री संतोष राठौड़, श्री मुकेश पटेल, श्री धीरज मिश्रा एवं उपसरपंच श्री अग्रवाल सहित अन्य नागरिकों ने कलश का पूजन-अर्चन किया।
इसके बाद कलश वंदन यात्रा ग्राम गोलवाड़ी पहुंची, जहां समाज के मोहल्ले में सरपंच की उपस्थिति में श्रद्धालुओं द्वारा कलश का पूजन-अर्चन किया गया। गोलवाड़ी के बाद यात्रा ग्राम केली पहुंची। यहां बड़ी संख्या में संत रविदास समाज के अनुयायी एकत्रित हुए और श्रद्धापूर्वक कलश का पूजन एवं अर्चन किया।
कलश वंदन यात्रा का अगला पड़ाव ग्राम डालकी रहा। यहां विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने संत शिरोमणि रविदास महाराज जी के कलश का पूजन किया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्री विजय सोनारे उपस्थित रहे। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला।
#JansamparkMP #khargone