बास्केटबॉल स्पर्धा में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल
________________
एडिशनल एसपी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
________________
खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का देता है संदेश
________________
खरगोन 22 अगस्त 2026। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री तेजसिंह राठौड़ के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन एडिशनल एसपी श्री बिट्टू सिंह सहगल एवं भंडारी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर श्री धुर्मिल भंडारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। एडिशनल एसपी श्री सहगल ने खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन को देखा तथा उन्हें पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
श्री सहगल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा खेल भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर खेलने के लिए पहुंचे विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। विद्यार्थी जीवन में खेलों से जुड़ने से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास तेजी से होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस भंडारी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री स्वप्न सिन्हा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा मैदान पर पहुंचकर उनके खेल प्रदर्शन का अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के संबंध में चर्चा करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उनके उत्साहवर्धन से खिलाड़ियों में और अधिक जोश देखने को मिला।
बास्केटबॉल मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार पासिंग, डिफेंस, शूटिंग और टीमवर्क का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अंतिम क्षण तक जीत के लिए संघर्ष किया। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को भी रोमांचित किया।
प्रतियोगिता का प्रतिवेदन क्रीड़ा निरीक्षक श्री हबीब बेग मिर्जा ने प्रस्तुत किया तथा संचालन खेल समन्वयक श्री जितेंद्र हीरवे ने किया। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में खेल शिक्षक श्री उच्छमसिंह रावत, श्री अनिश यादव, श्री जयश्री सेठाने, श्री आकाश चौहान, श्री मुकेश जायसवाल, श्री हिमांशु चौहान, श्री रितिक बिल्लोरे, श्री बलराम, श्रीमती प्रियंका मंडलोई, श्रीमती स्वीटी मंडलोई, श्री यश गुप्ता, श्रीमती रुद्राक्षी शुक्ला सहित अन्य खेल शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
#JansamparkMP #khargone