प्रेस विज्ञप्ति
पैनल अधिवक्ताओं के साथ बैठक में Mediation for the Nation 3.0 एवं विधिक सेवा योजनाओं पर विशेष चर्चा
मोतिहारी, 23 सितम्बर 2026।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी के सचिव श्री नितिन त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज सभी पैनल अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में “Mediation for the Nation 3.0” अभियान को प्रभावी बनाने तथा अधिकाधिक मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सौहार्दपूर्ण ढंग से निष्पादित कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सचिव श्री नितिन त्रिपाठी ने पैनल अधिवक्ताओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्य, उद्देश्य, निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था तथा विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं एवं अभियानों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पैनल अधिवक्ता केवल न्यायालय में पैरवी करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक विधिक सहायता एवं न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से मध्यस्थता की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मध्यस्थता विवादों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है। छोटे-छोटे विवादों को आपसी सहमति से समाप्त कर पक्षकारों के बीच संबंधों को बनाए रखने में मध्यस्थता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पैनल अधिवक्ताओं से “Mediation for the Nation 3.0” अभियान के तहत अधिक से अधिक उपयुक्त मामलों की पहचान कर उन्हें मध्यस्थता के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
बैठक में पैनल अधिवक्ताओं के कार्य निष्पादन एवं प्रदर्शन की समीक्षा भी की गई। अधिवक्ताओं से उनके कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं, व्यावहारिक कठिनाइयों तथा विधिक सहायता से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
East Champaran, Bihar | Sep 23, 2026