हरदोई: विशेष अभियान दिवस पर डीएम और एसपी ने किया बूथों का निरीक्षण, मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
हरदोई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने विकासखंड बावन क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भिठारी और उच्च प्राथमिक विद्यालय भिठारी स्थित मतदान बूथों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूचियों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करने और उनमें पाई जाने वाली त्रुटियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित रहें। साथ ही सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को कराया जा चुका है। इसके बाद दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवेदन फॉर्म भरने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटवाने के लिए प्रपत्र-7 और मतदाता सूची में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में अपनी मतदाता सूची में नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह प्रपत्र-6 भरकर अपने बीएलओ को जमा कर सकता है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जिसका टोल-फ्री नंबर 05852-234407 है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसील कार्यालयों में भी हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। मतदाता Voter Helpline App अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध 'Book a Call With BLO' विकल्प के माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की जांच कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
Bilgram, Hardoi | Nov 21, 2026