तेज बारिश से मां तुतला भवानी झरने का बढ़ा बहाव, श्रद्धालुओं की एंट्री बंद
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, शनिवार को स्थिति की समीक्षा के बाद दर्शन की अनुमति पर होगा फैसला
रोहतास जिले में चक्रवात तूफान ‘अर्नब’ के असर से लगातार हो रही बारिश के कारण कैमूर पहाड़ी पर स्थित मां तुतला भवानी धाम का झरना तेज धार से बहने लगा है। पानी का बहाव बढ़ने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार को मंदिर परिसर में प्रवेश बंद कर दिया गया।
मंदिर प्रबंधन कमेटी ने श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक धाम नहीं आने और झरने के आसपास नहीं जाने की अपील की है।
कमेटी के अनुसार, शनिवार को मौसम और झरने की स्थिति का जायजा लेने के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन की अनुमति देने पर निर्णय लिया जाएगा। पानी का बहाव सामान्य होने पर मंदिर का रास्ता फिर से खोला जा सकता है।
लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण शुक्रवार को धाम में श्रद्धालुओं की संख्या भी कम रही। मंदिर प्रबंधन ने लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।