रुद्रप्रयाग के बच्चों की प्रतिभा पर संकट, गुलाबराय मैदान में उठी बेहतर सुविधाओं की मांग !
बच्चों की मांग साफ है—झूठे आश्वासन नहीं, बेहतर खेल मैदान और सुविधाएं चाहिए।
रुद्रप्रयाग। जिले के गुलाबराय मैदान में फुटबॉल, क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों की प्रैक्टिस कर रहे बच्चों ने खेल सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। बच्चों का कहना है कि उनके पास ऐसा उचित और सुविधायुक्त खेल मैदान नहीं है, जहां वे अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से निखार सकें और आगे बढ़ सकें।
प्रैक्टिस कर रहे बच्चों ने बताया कि प्रदेश के अन्य स्थानों पर बेहतर खेल मैदान और सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहां के बच्चे खेलों में आगे बढ़कर अपने जिले और उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उनका कहना है कि हमारे अंदर भी प्रतिभा और आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है, लेकिन उचित सुविधाओं के अभाव में हमारी प्रतिभा को वह अवसर नहीं मिल पा रहा, जिसकी हमें जरूरत है।
बच्चों ने कहा कि वे भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं और अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं। लेकिन अगर उन्हें बेहतर मैदान, प्रशिक्षण और आवश्यक खेल सुविधाएं नहीं मिलतीं, तो उनके भविष्य को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
बच्चों ने अपनी समस्या ‘नमस्ते सहारा’ तक पहुंचाई और आग्रह कर टीम को गुलाबराय मैदान में बुलाया। ‘नमस्ते सहारा’ ने मौके पर पहुंचकर बच्चों से उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी परेशानियों को समझने का प्रयास किया।
बच्चों की मांग सिर्फ एक मैदान की नहीं, बल्कि अपने सपनों को उड़ान देने के लिए उचित अवसर और सुविधाओं की है। ऐसे में जरूरत है कि उनकी आवाज को गंभीरता से सुना जाए और उन्हें केवल आश्वासन देने के बजाय धरातल पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
क्योंकि ये बच्चे सिर्फ आज के खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि कल का रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड और देश हैं। यदि इन्हें सही मंच और सुविधाएं मिलें, तो यही बच्चे आने वाले समय में खेल के क्षेत्र में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। #facebookreelsviral #sports #instagram #uttarakhand #report #students #playground #rudraprayag