जन अभियान परिषद के सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम का शुभारंभ
कन्या महाविद्यालय में प्रत्येक रविवार को संचालित होंगी कक्षाएं
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा 313 विकासखंड मुख्यालयों पर संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत समाजकार्य में स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रम वर्ष 2026-27 का विकासखंड मुरैना में शुभारंभ किया गया। कन्या महाविद्यालय, मुरैना में आयोजित शुभारंभ समारोह में नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम की रूपरेखा एवं सामुदायिक नेतृत्व से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। विकासखंड मुरैना में पाठ्यक्रम की कक्षाएं प्रत्येक रविवार को संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम में कन्या महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रामलखन धाकड़, पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. ज्ञान सिंह उच्चाड़िया तथा मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं श्रीराम कॉलेज, बानमौर के प्रोफेसर डॉ. योगेंद्र मावई उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी के प्रतिनिधि संदीप सेंगर, श्री राधा माधव जनकल्याण एवं मानव उत्थान समिति के संचालक गिर्राज शर्मा सहित पाठ्यक्रम में अध्यापन कार्य कराने वाले मेंटर्स मनोज कुलश्रेष्ठ, श्रीमती सायरा जैन, बृजेश शर्मा, श्रीमती सपना तोमर एवं संजीव खेमरिया तथा नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शुभारंभ अवसर पर विकासखंड समन्वयक एवं अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को अध्यापन एवं प्रायोगिक कार्य के लिए पाठ्यक्रम की पुस्तकों का वितरण भी किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. योगेंद्र मावई ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह पाठ्यक्रम केवल पठन-पाठन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव एवं राष्ट्र के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करता है। इसका उद्देश्य ऐसे सक्षम मानव संसाधन का निर्माण करना है, जो सामाजिक क्षेत्र की चुनौतियों को समझते हुए सेवा भाव के साथ कार्य कर सके। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने का आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होगी।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. रामलखन धाकड़ ने कहा कि इस पाठ्यक्रम के माध्यम से दीर्घकाल में मध्यप्रदेश के विकास एवं आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार होगा। इसके साथ ही सामाजिक क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं भी विकसित होंगी।
विकासखंड समन्वयक अनिल मोदी ने कहा कि समाजकार्य एवं सामुदायिक नेतृत्व पर आधारित यह पाठ्यक्रम ग्रामीण विकास की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष एवं कुशल सामुदायिक नेतृत्व तैयार करने में सहायक होगा। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों से जुड़कर अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी के प्रतिनिधि संदीप सेंगर ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि पाठ्यक्रम खुली एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसमें नियमित पाठ्यक्रमों की तरह कक्षाओं का संचालन, उपस्थिति तथा प्रायोगिक कार्य सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। विद्यार्थियों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से सामुदायिक नेतृत्व एवं समाजकार्य से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम के माध्यम से युवाओं में सामुदायिक नेतृत्व क्षमता का विकास होने के साथ उन्हें समाजकार्य एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायता मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर सामाजिक समस्याओं को समझने, उनके समाधान के लिए पहल करने तथा समाज के विकास में सक्रिय सहभागिता की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh #education
4 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026