24 जून को 17 केंद्रों पर होगी विशेष शाखा सिपाही भर्ती परीक्षा, प्रशासन ने पूरी की तैयारी
सिपाही भर्ती परीक्षा में कदाचार पर सख्ती, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम से होगी प्रभावी निगरानी
~~~~~~~~~~~~~~~~
मुजफ्फरपुर,
22 जून, 2026
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार द्वारा विशेष शाखा में सिपाही पदों पर भर्ती के लिए 24 जून को मुजफ्फरपुर जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिसमे 10854 अभ्यर्थी शामिल होंगे।परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित होगी। सभी अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8:00 बजे निर्धारित किया गया है। बैठक मे स्पष्ट किया गया कि परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटा पूर्व अर्थात सुबह 9:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा संचालन में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में स्टेटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक, जोनल दंडाधिकारी सह समन्वय प्रेक्षक तथा उड़नदस्ता दंडाधिकारी की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को चयन पर्षद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
अभ्यर्थियों को भी परीक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की गई है। किसी भी अभ्यर्थी को दोनों प्रश्न पत्रों की परीक्षा समाप्त होने से पहले परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की सघन एवं कड़ाई से फ्रिस्किंग की जाएगी।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, स्मार्ट या साधारण रिस्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अतिरिक्त व्हाइटनर, इरेज़र, ब्लेड अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी साथ रखने पर रोक लगाई गई है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो इसे कदाचार माना जाएगा और उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक मे यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा के दौरान कदाचार करने, अनुचित साधनों का प्रयोग करने अथवा परीक्षा से संबंधित भ्रामक एवं सनसनीखेज अफवाह फैलाने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों को वर्तमान परीक्षा के साथ-साथ भविष्य में आयोजित होने वाली अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए अत्याधुनिक व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत नजर रखी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा अवधि के दौरान लाइव सीसीटीवी फीड की स्ट्रीमिंग नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध रहेगी, जिससे सभी केंद्रों की गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
किसी भी विशेष अथवा अवांछनीय परिस्थिति से निपटने के लिए 24 जून को सुबह 7:00 बजे से समाहरणालय सभा कक्ष के ऊपरी तल पर जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए अन्य अधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
17 परीक्षा केंद्र निम्नवत है-
1.महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर
2.डॉल्फिन पब्लिक स्कूल, मालीघाट, बीएमपी-6, मुजफ्फरपुर
3.आबेदा उच्च विद्यालय, पक्की सराय, मुजफ्फरपुर
4.मारवाड़ी उच्च विद्यालय, चंदवारा, मुजफ्फरपुर
5.एल.एन.टी. कॉलेज, मुजफ्फरपुर
6.रामेश्वर सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर
7.महेश प्रसाद सिंह साइंस महाविद्यालय, गोबरसही, मुजफ्फरपुर
8.आर.बी.बी.एम. महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर
9.क्राइस्ट ज्योति इंटरनेशनल विद्यालय, धर्मोदया, अस्थलिया माधोपुर, सुस्ता, मुजफ्फरपुर
10.मुखर्जी सेमिनरी, हरिसभा चौक, मुजफ्फरपुर
11.बी.पी. इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल, मीतनपुरा, नारायणपुर रोड, मुजफ्फरपुर
12.लाइसियम इंटरनेशनल स्कूल, मीतनपुरा, मुजफ्फरपुर
13.रामदयालु सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर
14.चैपमैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हाथी चौक, गौशाला रोड, मुजफ्फरपुर
15.रेजोनेंस इंटरनेशनल स्कूल, खबड़ा, मुजफ्फरपुर
16.बी.बी. कॉलेजिएट, मोतीझील, मुजफ्फरपुर
17.द्वारिकानाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोला, मुजफ्फरपुर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#Muzaffarpur