मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। सभी थानाध्यक्षों और अंचल अधिकारियों को ताजिया जुलूस के रूट का सत्यापन करने तथा 23 जून तक शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं अफवाह फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और उपद्रव करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। शराब सेवन, बिक्री और परिवहन पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
#Muzaffarpur #Muharram2026 #KumarGaurav