केदारताल ट्रेक में मौत का सिलसिला जारी, एक और महिला ट्रेकर का शव बरामद, अब तक 4 की मौत!!
दो पुरुष और दो महिलाओं के शव मिले, हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया महिला का शव,, दुर्गम पहाड़ियों में लापता लोगों की तलाश जारी!!
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में एक और महिला का शव बरामद हुआ है। एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान महिला का शव बरामद किया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की मदद से शव को मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी पहुंचाया गया।
इस ताजा बरामदगी के साथ ही केदारताल रेस्क्यू अभियान में अब तक कुल चार शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। लगातार हो रही बरामदगियों से अभियान की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं, अभी भी लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू टीमें दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में जुटी हुई हैं।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशों में टीमें अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। बर्फीले और दुर्गम क्षेत्र में चुनौतियों के बावजूद जवान पूरी तत्परता से लापता व्यक्तियों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
रेस्क्यू अभियान में अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्चिंग की जा रही है। प्रशासन और बचाव दल की प्राथमिकता शेष लापता व्यक्तियों का पता लगाना है।
केदारताल ट्रेक की विषम परिस्थितियों के बीच जारी यह अभियान बचाव दल के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। हर गुजरते समय के साथ लापता लोगों की तलाश और भी संवेदनशील होती जा रही है।
#KedartalTrek #Uttarkashi #SDRF #RescueOperation #UttarakhandNews #केदारताल #उत्तरकाशी #रेस्क्यू_अभियान