राज्य स्थापना दिवस पर 15 हस्तियों को मिलेगा उत्तराखंड गौरव सम्मान, 6 नवंबर को होगा भव्य समारोह,
रुद्रप्रयाग की लोक गायिका हेमा नेगी करासी, बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और अंकित ध्यान सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे सम्मानित,
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार की ओर से 6 नवंबर को उत्तराखंड गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की 15 विशिष्ट हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह में चयनित महानुभावों को सम्मान प्रदान करेंगे। सम्मानित होने वाली हस्तियों में रुद्रप्रयाग जनपद की प्रसिद्ध लोक गायिका हेमा नेगी करासी, बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और अंकित ध्यान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाएं शामिल हैं।
लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में करीब 25 वर्षों से महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं हेमा नेगी करासी को लोक गायन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाएगा। गढ़शेरनी, हिमपुत्री, नंदापुत्री और जागर सम्राज्ञी के नाम से पहचान बनाने वाली हेमा नेगी करासी ने अपनी लोक गायिकी के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और अंकित ध्यान को भी सम्मानित किया जाएगा।
शासन की ओर से जारी पत्र के अनुसार उत्तराखंड गौरव सम्मान प्राप्त करने वाले महानुभावों को राज्य अतिथि घोषित किया गया है। शासन ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सम्मानित होने वाली हस्तियों को उनके निवास स्थान से देहरादून तक लाने और सम्मान समारोह के बाद वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रत्येक चयनित व्यक्ति के साथ एक लाइजन अधिकारी तथा वाहन की व्यवस्था करने को कहा गया है।
शासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जनपद से संबंधित सम्मानित व्यक्ति के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। सम्मानित अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था बीजापुर गेस्ट हाउस, गढ़ी कैंट स्थित अतिथि गृह अथवा उपलब्धता के अनुसार होटल में की जाएगी। वहीं उत्तराखंड से बाहर निवास करने वाले सम्मानित महानुभावों के लिए उत्तराखंड सदन, नई दिल्ली की ओर से आवास व्यवस्था की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार सभी चयनित महानुभावों को 5 नवंबर की शाम तक देहरादून पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी है, ताकि 6 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में सभी सम्मानित अतिथि समय से प्रतिभाग कर सकें।
उत्तराखंड गौरव सम्मान के माध्यम से प्रदेश सरकार कला, संस्कृति, साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता, पर्यावरण, सामाजिक सेवा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर रही है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह प्रदेश की प्रतिभाओं और विशिष्ट उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ ही उत्तराखंड की गौरवशाली पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
इन हस्तियों को मिलेगा सम्मान
उपलब्ध चयनित नामों में श्रीमती हेमा नेगी करासी (लोक गायिका), डॉ. गिरीश रंजन तिवारी (नैनीताल, शिक्षा एवं पत्रकारिता), सुश्री अनीता अग्निहोत्री शर्मा (सामाजिक क्षेत्र), श्री सुरेश भाई (टिहरी/उत्तरकाशी, पर्यावरणविद्), श्रीमती रेशमा शाह (लोक गायिका), श्री कपिल परेश्वरी (खटीमा, खेल), सुश्री निकिता चंद (पिथौरागढ़, खेल), कृष्ण सिंह रौतेला (सामाजिक क्षेत्र), बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और अंकित ध्यान के नाम शामिल हैं।