स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की अहम भूमिका : विधायक सावित्री जिंदल
सेवा संकल्प अभियान के तहत टाउन पार्क में योग कार्यक्रम आयोजित
हिसार, 06 अक्टूबर।
नगर निगम हिसार की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत टाउन पार्क में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिसार की विधायक सावित्री जिंदल ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संकल्प है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। योग हमारी भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को भी शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को पूरी दुनिया तक पहुंचाने और इसे जन-जन के जीवन का हिस्सा बनाने का सराहनीय कार्य किया है। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को जो पहचान मिली है, वह भारत की प्राचीन संस्कृति और प्रधानमंत्री जी के प्रयासों का परिणाम है। प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के संकल्प के साथ देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। गरीब, महिला, युवा, किसान, बुजुर्ग और जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं के माध्यम से प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिसार शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य, स्वछ वातावरण और बेहतर जीवनशैली पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। ऐसे में योग एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। विधायक सावित्री जिंदल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से योग एवं व्यायाम को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा सेवा संकल्प की भावना के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ धर्मपाल पूनिया, नगर पार्षद संजय डालमिया, स्नेहलता निंबल, योग शिक्षिका पूजा, अनिता, प्रशांत, ललित शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन (06 डीआईपीआरओ फोटो 01 से 05) : टाउन पार्क में आयोजित योग कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विधायक सावित्री जिंदल।
Uklana, Hissar | Oct 6, 2026