चिट्टे के खिलाफ 12वीं की छात्रा का सवाल बना चर्चा का विषय, मुख्यमंत्री बोले— डरें नहीं, 112 पर दें सूचना
हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के बढ़ते खतरे के खिलाफ अब युवा पीढ़ी भी खुलकर सवाल उठा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक कार्यक्रम के दौरान 12वीं कक्षा की छात्रा द्वारा चिट्टे के खिलाफ उठाए गए सवाल को महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं की जागरूकता की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खुशी की बात है कि प्रदेश की युवा पीढ़ी नशे के विरुद्ध जागरूक होने के साथ-साथ राज्य सरकार की पहल को भी समझ रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि चिट्टे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति चिट्टे के कारोबार में संलिप्त है, तो उसकी सूचना भी पुलिस तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के आदी लोगों के पुनर्वास की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, जबकि चिट्टे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नूरपुर में एक कथित चिट्टा तस्कर की बिल्डिंग गिराए जाने का भी जिक्र किया और कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी से डरने की जरूरत नहीं है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे इनाम भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री का संदेश स्पष्ट है कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या सरकार की नहीं, बल्कि समाज और युवा पीढ़ी की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।
Tribal Live News सच के साथ, निडर, निष्पक्ष और बेखौफ।
#ChittaFreeHimachal #DrugFreeHimachal #SukhuGovernment #Nurpur #112Helpline #YouthAgainstDrugs #TribalLiveNews
Chamba, Chamba | Nov 5, 2026