औरंगाबाद: नाली न होने से पक्की सड़क भी बनी कीचड़, मदनपुर के घोरहत गांव में जलजमाव से लोग परेशान
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बेरी अंतर्गत घोरहत ग़ांव के वार्ड नं तीन में पक्की सड़क होने के बावजूद ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं और नाली निर्माण नहीं होने और जल निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर बहकर कीचड़ में तब्दील हो गया है।
ग्रामीणों के द्वारा भेजी गई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि गांव की सड़कों पर जगह-जगह पानी भरा है। मंदिर, स्कूल और घरों के सामने से गुजरने वाले रास्ते कीचड़ से सने हुए हैं। गड्ढों में भरे पानी के कारण दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।स्थानीय लोगों में रौशन कुमार,राहुल कुमार,बिजय सिंह,जितेंद्र सिंह,रंजय सिंह,शेखर सिंह,सुनील सिंह,मुरारी सिंह,मनीश तिवारी, अमित कुमार सिंह का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। कई बार पंचायत के जनप्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से नाली निर्माण और सड़क मरम्मत की मांग मौखिक रूप से की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि घोरहत गांव में तुरंत नाली का निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।